गो सम्मान अभियान को मिला जनसमर्थन, भोपाल में 5 लाख हस्ताक्षरों का बड़ा लक्ष्य

 भोपाल। गो सम्मान आह्वान अभियान को राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर में तेजी से जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के दूसरे चरण में भोपाल जिले से 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि देशभर में 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र करने की योजना बनाई गई है। अभियान से जुड़ रहे युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और गौभक्तों की बढ़ती भागीदारी से आयोजकों में उत्साह का माहौल है।

अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। विभिन्न कॉलोनियों, गांवों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से लोगों को गौसंरक्षण, गोसेवा और गौमाता के सम्मान से जुड़े संदेशों से अवगत कराया जा रहा है। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता घर-घर जाकर भी लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार 27 जुलाई को “गो सम्मान दिवस” मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 8 बजे से 9:15 बजे तक सामूहिक रूप से “श्रीराम जय राम जय जय राम” विजय मंत्र का संकीर्तन आयोजित होगा। इसके बाद हजारों की संख्या में गौभक्त और सनातन समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

अभियान की प्रमुख मांगों में देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करना, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देना तथा गोसेवा और गौसंरक्षण के लिए केंद्रीय स्तर पर कानून और अलग मंत्रालय की स्थापना शामिल है। अभियान से जुड़ने के लिए एक विशेष मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से लोग अपना समर्थन दर्ज करा सकते हैं।

भोपाल संभाग प्रभारी कवेंद्र शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में जिलेभर में बैठकों, गोष्ठियों और जनजागरण कार्यक्रमों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उनका कहना है कि राजधानी में जिस तरह से गौप्रेमियों और सनातन समाज का समर्थन मिल रहा है, उससे अभियान को नई गति मिली है।

आयोजकों का दावा है कि यह अभियान पूरी तरह जनसहभागिता पर आधारित है। इसमें किसी राजनीतिक दल, गैर-सरकारी संगठन या अन्य संस्था की भागीदारी नहीं है। अभियान को साधु-संतों के मार्गदर्शन और आम जनमानस के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.