After Header-1

18 जून को एक साथ मतदान और मतगणना! राज्यसभा-विधान परिषद चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा और विधान परिषद की विभिन्न सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 27 राज्यसभा सीटों और तीन राज्यों की विधान परिषद सीटों के लिए मतदान 18 जून को कराया जाएगा। खास बात यह है कि मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम को मतगणना भी की जाएगी, जिससे चुनाव परिणामों का इंतजार लंबा नहीं होगा।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 8 जून तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारों को 11 जून तक अपना नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। मतदान 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।

आयोग के मुताबिक 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा में राज्यसभा की रिक्त सीटों को भरने के लिए उपचुनाव भी कराए जाएंगे। वहीं बिहार में विधान परिषद की नौ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट के लिए उपचुनाव कराया जाएगा।

कर्नाटक भी इस चुनावी प्रक्रिया का प्रमुख केंद्र रहेगा। यहां राज्यसभा की चार सीटों और विधान परिषद की सात सीटों पर मतदान होगा। राज्यसभा की जिन चार सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें भाजपा के इराना कडाड़ी और नारायण कोरगाप्पा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे तथा जद(एस) के एचडी देवगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है। इसी प्रकार कर्नाटक विधान परिषद के सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को पूरा होने वाला है, जिसके चलते इन सीटों पर चुनाव कराए जा रहे हैं।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दल उम्मीदवारों के चयन को लेकर रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.