हरिद्वार में तूफान का तांडव! हरकी पैड़ी से रेलवे ट्रैक तक मचा हड़कंप

 हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक तेज हवाओं और धूल भरी आंधी ने शहर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। हरकी पैड़ी, अपर रोड और आसपास के प्रमुख बाजारों में कई दुकानों, होटलों और मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि एक श्रद्धालु घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं के कारण हरकी पैड़ी और अपर रोड क्षेत्र में कई दुकानों के टीन शेड उड़ गए। कई होटलों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और बाजारों में लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे रखा सामान और मलबा उड़कर लोगों तक पहुंचने लगा। इसी दौरान एक श्रद्धालु मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। कई स्थानों पर बिजली के तार टूट जाने से शहर के अनेक हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीमें देर शाम तक आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।

आंधी-तूफान के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग पर मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास एक विशाल पेड़ मुख्य रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे रेल संचालन अस्थायी रूप से बाधित हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई ट्रेन वहां से नहीं गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक को साफ करने का अभियान शुरू किया।

वहीं राज विहार फेज-2 क्षेत्र में डिवाइन लाइट स्कूल के समीप भी एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दो बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों को कुछ समय तक अंधेरे और असुविधा का सामना करना पड़ा।

जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संबंधित विभागों को स्थिति सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं और राहत कार्य तेजी से जारी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.