क्या अमेरिका में आएगा 250 डॉलर का नया नोट? ट्रंप की तस्वीर को लेकर छिड़ी बहस

 वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका में 250 डॉलर के नए नोट को लेकर राजनीतिक और आर्थिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। इस प्रस्ताव की सबसे खास बात यह है कि इस नोट पर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छापने की योजना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि इस योजना के सामने एक बड़ा कानूनी संकट खड़ा है, क्योंकि अमेरिका का 160 साल पुराना कानून जीवित व्यक्तियों की तस्वीर मुद्रा पर छापने की अनुमति नहीं देता।

दरअसल, रिपब्लिकन सांसद जो विल्सन ने पिछले वर्ष एक विधेयक पेश किया था, जिसमें अमेरिकी वित्त मंत्री को ट्रंप की तस्वीर वाले 250 डॉलर के नोट जारी करने का निर्देश देने की बात कही गई थी। यह प्रस्ताव फिलहाल हाउस फाइनेंशियल सर्विसेज कमेटी के पास लंबित है, लेकिन हाल के दिनों में अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की सक्रियता के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया है।

सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच और उनके सलाहकारों ने 250 डॉलर के नोट के शुरुआती डिजाइन और तकनीकी अध्ययन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। ट्रेजरी विभाग ने भी पुष्टि की है कि यह केवल एक संभावित स्मारक नोट को लेकर प्रारंभिक तैयारी का हिस्सा है।

सबसे बड़ी बाधा 1866 का वह अमेरिकी कानून है, जिसके तहत केवल मृत व्यक्तियों की तस्वीर ही अमेरिकी मुद्रा पर छापी जा सकती है। यह नियम उस समय बनाया गया था जब एक ट्रेजरी अधिकारी ने अपनी तस्वीर नोट पर छपवा दी थी, जिससे बड़ा विवाद पैदा हो गया था। ऐसे में ट्रंप की तस्वीर को नोट पर लाने के लिए पहले कांग्रेस को इस कानून में बदलाव करना होगा।

इसके अलावा 250 डॉलर का मूल्यवर्ग भी एक चुनौती है, क्योंकि वर्तमान अमेरिकी कानून में केवल 1, 2, 5, 10, 20, 50 और 100 डॉलर के नोटों को ही मान्यता प्राप्त है। बताया जा रहा है कि अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर इस विशेष नोट को जारी करने की योजना बनाई जा रही है।

ट्रंप समर्थकों का मानना है कि यह देश के इतिहास का खास क्षण होगा, जबकि आलोचक इसे राजनीतिक प्रतीकवाद से जोड़कर देख रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अमेरिकी सरकार इस कानूनी अड़चन को कैसे दूर करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.