अल्मोड़ा को सीएम धामी की बड़ी सौगात, 138 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी तस्वीर

देहरादून/अल्मोड़ा। पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा दौरे के दौरान जिले को करीब 138 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

अल्मोड़ा स्थित सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 17 योजनाओं का लोकार्पण और 9 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। सड़क संपर्क बेहतर होने से लोगों की आवाजाही आसान होगी, जबकि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में नई परियोजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में सड़क निर्माण, पेयजल योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री द्वारा दी गई विकास योजनाओं का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे अल्मोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.