एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड नंबर-1, सीएम धामी ने बताई सफलता की बड़ी वजह

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड हर साल कई चुनौतियों का सामना करता है, लेकिन पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ राज्य लगातार प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री ने यह बात अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में कही।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और सतत विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया। इसके अलावा जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयास उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मान उन लोगों को समर्पित है जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर काम किया। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और समर्पण से साधारण परिस्थितियों में भी असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को हर वर्ष प्राकृतिक और भौगोलिक चुनौतियों से जूझना पड़ता है, लेकिन सरकार “इकोलॉजी और इकोनॉमी” के संतुलन की नीति पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, लेकिन अब राज्य पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की योजनाबद्ध कार्यशैली और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अभी कई क्षेत्रों में और बेहतर काम करने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज होना विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में तेजी से हुए विकास के कारण राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है। अब लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के संकल्पों का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान मिला, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल दूसरे स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.