हवा में 4 घंटे तक मंडराता रहा एयर इंडिया का विमान, फिर अचानक लौटना पड़ा दिल्ली

नई दिल्ली। नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान एआई-173 को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में सवार सभी 230 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, बोइंग विमान ने दिल्ली से निर्धारित समय पर उड़ान भरी थी। उड़ान करीब तीन घंटे तक सामान्य रही, लेकिन जब विमान चीन के हवाई क्षेत्र के ऊपर पहुंचा, तभी तकनीकी खराबी का संकेत मिला। इसके बाद पायलट और एयरलाइन ऑपरेशन टीम ने स्थिति का आकलन किया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस दिल्ली मोड़ने का निर्णय लिया।

बताया जा रहा है कि विमान लगभग साढ़े चार घंटे तक हवा में रहा। लंबी दूरी की उड़ान होने के कारण यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया था, हालांकि चालक दल ने लगातार यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी और उन्हें शांत बनाए रखा। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है ताकि वे जल्द अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में किसी भी तकनीकी संकेत को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। सुरक्षा मानकों के तहत यदि किसी भी प्रकार की खराबी की आशंका होती है, तो विमान को तुरंत निकटतम सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारने या वापस लौटाने का निर्णय लिया जाता है।

फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी टीमों ने विमान की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लगाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.