पंचायत प्रतिनिधियों से बोले CM धामी- गांव मजबूत होंगे तो विकसित बनेगा भारत

खटीमा। Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को खटीमा के विकासखंड सभागार में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम” में पंचायत और निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास, रोजगार, शिक्षा, कानून व्यवस्था और राज्य की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रखा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और देश का वास्तविक विकास तभी संभव है जब गांव आत्मनिर्भर और मजबूत बनें। उन्होंने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ ग्रामीण विकास पर तेजी से काम हो रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं से गांवों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “एक जनपद दो उत्पाद” योजना और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है। उन्होंने बताया कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होम स्टे योजना और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों से स्थानीय युवाओं को गांव में ही रोजगार मिल रहा है, जिससे पलायन पर रोक लगाने में मदद मिली है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों और रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर सेंटर योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने खटीमा और आसपास के क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, आधुनिक बस स्टैंड, केंद्रीय विद्यालय, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा और टनकपुर के बीच जल्द ही एक भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण भी शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से AIIMS Rishikesh के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण जारी है, जबकि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाईअड्डा विकसित किया जा रहा है। साथ ही प्लास्टिक पार्क, अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं से औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक संरक्षण को लेकर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि राज्य में “लैंड जिहाद” के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है। उन्होंने अवैध मजारों और वन भूमि पर बने अवैध ढांचों को हटाने की कार्रवाई का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना और अवैध धर्मांतरण पर कार्रवाई सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.