डॉ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में शिक्षा और तकनीक से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में स्विफ्ट स्कूल के तहत आधुनिक पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग लैब और अटल टिंकरिंग लैब का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही छात्र-छात्राओं ने टैबलेट पर उंगलियां फेरीं, उनके चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य बच्चों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि कान्वे जीनियस फाउंडेशन के सहयोग से प्रदेश के विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट और स्विफ्ट स्कूलों में बदला जा रहा है।
नई पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग लैब में छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा तैयार ई-लर्निंग कंटेंट मौजूद रहेगा। प्रत्येक छात्र की अलग आईडी बनाई गई है, जिसके माध्यम से वह लॉगिन कर विभिन्न विषयों की पढ़ाई कर सकेगा। इसके साथ ही छात्रों की शैक्षणिक प्रगति का लगातार आकलन भी किया जाएगा।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रत्येक अध्याय के बाद विद्यार्थियों को क्विज दिए जाएंगे। निर्धारित अंक प्राप्त करने के बाद ही छात्र अगले स्तर का कंटेंट देख पाएंगे। यदि किसी छात्र के अंक कम आते हैं, तो उसकी कमजोरी के अनुसार दोबारा अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास दोनों मजबूत होंगे।
इस अवसर पर शुरू की गई अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से छात्र विज्ञान, तकनीक, रोबोटिक्स और नवाचार के क्षेत्र में प्रयोगात्मक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का विकास होगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।