नई दिल्ली। उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले पांच से सात दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश के Banda में देखने को मिला, जहां मंगलवार को लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही बांदा न केवल एशिया बल्कि दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया। इससे पहले वर्ष 2019 में यहां 48.1 डिग्री और 2022 में 49 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
देश के अन्य गर्म शहरों में Naugaon दूसरे स्थान पर रहा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं Rohtak में 46.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। दिल्ली रिज क्षेत्र में भी पारा 46.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से उत्तर भारत में सूखी और गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं निजी मौसम एजेंसियों का कहना है कि मध्य प्रदेश, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलेंगी और कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है।
हैरानी की बात यह है कि दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों की सूची में इस बार सभी शहर भारत के बताए जा रहे हैं। इनमें आगरा, झांसी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और वाराणसी जैसे शहर भी शामिल हैं। पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 44.6 डिग्री, जम्मू में 42 डिग्री और हिमाचल के ऊना में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।