देहरादून। Pushkar Singh Dhami सरकार ने प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के बाद जिला योजना के तहत राज्य के सभी 13 जनपदों को कुल 1018.21 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। यह राशि विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत संरचना और जनकल्याण योजनाओं पर खर्च की जाएगी।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कुल आवंटित राशि में अनुसूचित जाति उपयोजना के लिए 200.221 करोड़ रुपये, अनुसूचित जनजाति उपयोजना के लिए 30.007 करोड़ रुपये तथा सामान्य मद में 787.978 करोड़ रुपये शामिल हैं।
जनपदवार आवंटन में पौड़ी गढ़वाल को सबसे अधिक 119.977 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके बाद देहरादून को 99.394 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। वहीं टिहरी को 95.215 करोड़, चंपावत को 76.914 करोड़, उत्तरकाशी को 76.542 करोड़, अल्मोड़ा को 74.737 करोड़ और ऊधमसिंह नगर को 74.132 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, हरिद्वार, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग को भी उनकी जरूरतों के अनुसार बजट जारी किया गया है।
सरकार के अनुसार यह धनराशि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। इसके तहत ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जनोपयोगी योजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित और समावेशी क्षेत्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिला योजना के माध्यम से हर जनपद की स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना के तहत 1010.23 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, जिनमें से मार्च 2026 तक 996.72 करोड़ रुपये खर्च किए गए। शेष राशि वित्त विभाग को वापस कर दी गई थी।