वाशिंगटन। मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्ध को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। Donald Trump ने कहा है कि ईरान पर प्रस्तावित हमला फिलहाल टाल दिया गया है। ट्रंप के इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव कुछ कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के अनुरोध पर यह फैसला लिया गया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच गंभीर स्तर पर बातचीत जारी है। पिछले कुछ दिनों से दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के कारण आशंका जताई जा रही थी कि खाड़ी क्षेत्र में कभी भी बड़ा सैन्य टकराव हो सकता है।
वहीं Masoud Pezeshkian ने साफ कहा कि बातचीत का मतलब आत्मसमर्पण नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने सम्मान, ताकत और राष्ट्रीय अधिकारों की रक्षा करते हुए वार्ता में शामिल हुआ है। तेहरान किसी दबाव में नहीं झुकेगा और अपने हितों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएगा।
इसी बीच Israel और Lebanon के बीच संघर्ष लगातार जारी है। अमेरिका की मध्यस्थता से युद्धविराम बढ़ाए जाने के बावजूद सोमवार को इजराइली हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2 मार्च से अब तक इजराइली सैन्य कार्रवाई में 3020 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 9273 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
गाजा के लिए राहत सामग्री ले जा रहे जहाजों को रोकने को लेकर भी इजराइल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली बलों ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कई सहायता जहाजों को रोक लिया और सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कई मानवाधिकार संगठनों और देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष, ईरान-अमेरिका वार्ता और गाजा संकट ने पूरे क्षेत्र को एक बार फिर बड़े भू-राजनीतिक संकट के मुहाने पर ला खड़ा किया है।