देहरादून। Ganesh Joshi ने शनिवार को गढ़ी डाकरा क्षेत्र में प्रस्तावित फोर लेन सड़क परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मौके का मुआयना कर सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के विशेष निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि फोर लेन सड़क निर्माण कार्य विकास के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण संतुलन का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण के दौरान कम से कम पेड़ों का कटान किया जाए। साथ ही जिन छोटे पेड़ों को हटाना अनिवार्य हो, उन्हें अन्य उपयुक्त स्थानों पर ट्रांसप्लांट किया जाए ताकि हरित क्षेत्र सुरक्षित रह सके।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गढ़ी कैंट शहीद स्मारक, डाकरा शहीद स्मारक चौक और शिव धाम को प्रस्तावित चौराहे के डिजाइन में शामिल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी संरक्षित किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय बाजार की सुंदरता और क्षेत्र का महत्व भी बना रहेगा।
गणेश जोशी ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि फोर लेन सड़क बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय व्यापार को भी लाभ पहुंचेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मंत्री को परियोजना की प्रगति और डिजाइन से जुड़ी जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण से संबंधित सुझाव और समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, विष्णु प्रसाद गुप्ता, मेघा भट्ट, मनोज छेत्री सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।