मुंबई। Divya Dutta इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज Chiraiya को लेकर लगातार चर्चा में हैं। जियो हॉटस्टार पर रिलीज होने के बाद से यह सीरीज दर्शकों और समीक्षकों दोनों से शानदार प्रतिक्रिया हासिल कर रही है। मैरिटल रेप और वैवाहिक दुर्व्यवहार जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर आधारित इस 6-एपिसोड की सीरीज ने लोगों को भावनात्मक रूप से गहराई से प्रभावित किया है।
निर्देशक Shashant Shah द्वारा निर्देशित इस सीरीज की कहानी, लेखन और कलाकारों के अभिनय की खूब तारीफ हो रही है। दिव्या दत्ता का मानना है कि “चिरैया” आज की हर महिला और लड़की की कहानी बन चुकी है, क्योंकि यह समाज के उस कड़वे सच को सामने लाती है, जिसके बारे में अक्सर खुलकर बात नहीं होती।
हाल ही में दिव्या दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पॉडकास्ट वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने सीरीज को मिल रही प्रतिक्रियाओं के बारे में भावुक होकर बात की। उन्होंने बताया कि एक महिला ने उनसे मिलकर कहा कि “चिरैया” देखने के बाद उसे अपनी बेटी के ससुराल वालों का सामना करने की हिम्मत मिली।
दिव्या ने बताया कि योगा क्लास के दौरान वह महिला उनसे मिलने आई और तुरंत बात करना चाहती थी। महिला ने कहा कि उसकी बेटी को ससुराल वालों ने छोड़ दिया था और वह लंबे समय से चुप थी। लेकिन “चिरैया” देखने के बाद उसमें अपनी बेटी के हक के लिए खड़े होने का साहस आया।
इस अनुभव को साझा करते हुए दिव्या दत्ता ने कहा कि यही एक सच्ची और ईमानदार कहानी की ताकत होती है। अगर किसी कहानी को संवेदनशीलता और सच्चाई के साथ दिखाया जाए, तो लोग उससे खुद को जोड़ लेते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में अब इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा शुरू हो रही है और लोग “चिरैया” को अपनी जिंदगी से जोड़कर देख रहे हैं। दिव्या के मुताबिक, कई लोग उन्हें बता रहे हैं कि “आज हर घर की यही कहानी है।”