देहरादून। Ganesh Joshi ने गुरुवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कार्लीगाड़ सहस्त्रधारा स्थित आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बरसात से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपदा के कारण जमा हुए मलवे को तत्काल चैनलाइज करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून शुरू होने से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और ऐसे क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखी जाए जहां भूस्खलन या जलभराव का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के सामने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। लोगों ने बरसात के दौरान होने वाली दिक्कतों और मलवा जमा होने से प्रभावित रास्तों की जानकारी दी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य कर रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की परिस्थितियों से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
गौरतलब है कि सहस्त्रधारा और आसपास के क्षेत्र बरसात के दौरान भूस्खलन और जलभराव की घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे में प्रशासन मानसून से पहले तैयारी मजबूत करने में जुटा हुआ है।