नई दिल्ली, पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल और देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी Kiran Bedi ने पुलिस विभाग में परिवार कल्याण व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के परिवारों की सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए एक सशक्त ‘फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन’ का गठन बेहद जरूरी है।
दिल्ली के Dr. Ambedkar International Centre में आयोजित ‘सिटिजन्स ग्रैटिट्यूड टू गैलेंट वॉरियर्स’ कार्यक्रम में बोलते हुए किरण बेदी ने कहा कि कोई भी पुलिस अधिकारी तभी पूरी बहादुरी और निडरता से काम कर सकता है, जब उसे अपने परिवार की चिंता न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था राज्य सरकारों के अधीन आती है, इसलिए राज्यों की जिम्मेदारी है कि वे अपने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की भलाई सुनिश्चित करें।
बेदी ने पुलिसकर्मियों के पारिवारिक जीवन की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय तक ड्यूटी पर रहने के कारण कई पुलिस अधिकारी अपने परिवारों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। ऐसे में कई परिवार ‘सिंगल पैरेंट फैमिली’ जैसी परिस्थितियों में जीवन जीते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि पुलिसकर्मियों की पत्नियों और परिवार की महिलाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
उनका मानना है कि यदि पुलिस परिवार की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी तो परिवार की आय बढ़ेगी और इससे विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार या ‘ऊपर की कमाई’ जैसी समस्याओं में कमी लाई जा सकेगी।
कार्यक्रम का आयोजन वीर सैनिकों और सुरक्षा बलों के साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया था। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और ‘गैलेंट वॉरियर’ कैलेंडर के साथ ‘एक ही रास्ता’ ट्रस्ट की यात्रा पर आधारित बुकलेट भी जारी की गई। कई विशिष्ट अतिथियों को ‘गैलेंट्री अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर कई सामाजिक, चिकित्सा और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।