समुद्र तटों पर छुट्टियां बिताने की बात आते ही लोगों के मन में अक्सर गोवा या दक्षिण भारत के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की तस्वीर उभरती है, लेकिन अब यह सोच तेजी से बदल रही है। पश्चिमी भारत का गुजरात अपने शांत, साफ-सुथरे और खूबसूरत समुद्र तटों के कारण पर्यटकों की नई पसंद बनता जा रहा है। कम भीड़, कम खर्च और प्राकृतिक सुंदरता की वजह से गुजरात के बीच अब परिवारों और युवाओं को खास आकर्षित कर रहे हैं।
गुजरात देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां सबसे लंबी समुद्री तटरेखा मौजूद है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में फैले समुद्र तट लोगों को भीड़भाड़ से दूर सुकून भरा माहौल देते हैं। यहां आने वाले पर्यटक समुद्र की ठंडी हवाओं, लहरों और शांत वातावरण का भरपूर आनंद लेते हैं।
मांडवी बीच राज्य का सबसे लोकप्रिय समुद्र तट माना जाता है। कच्छ क्षेत्र में स्थित यह बीच अपनी सुनहरी रेत और खूबसूरत सूर्यास्त के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर्यटक ऊंट और घुड़सवारी का आनंद भी लेते हैं। वहीं सोमनाथ बीच धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता का शानदार संगम माना जाता है। मंदिर दर्शन के बाद श्रद्धालु समुद्र किनारे समय बिताना पसंद करते हैं।
द्वारका बीच भी तेजी से पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन के बाद लोग समुद्र की लहरों के बीच सुकून के पल बिताते हैं। वहीं तीथल बीच अपनी साफ-सफाई और शांत माहौल के लिए जाना जाता है, जो परिवारों के लिए बेहद उपयुक्त माना जाता है।
दुमस बीच अपनी काली रेत और रहस्यमयी माहौल के कारण अलग पहचान रखता है। रोमांच पसंद करने वाले पर्यटक यहां खास रुचि दिखाते हैं। इसके अलावा जामनगर और दांडी क्षेत्र के समुद्र तट भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। दांडी बीच ऐतिहासिक महत्व भी रखता है, क्योंकि यहीं महात्मा गांधी के दांडी मार्च का समापन हुआ था।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में गुजरात देश के प्रमुख बीच टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में और तेजी से उभर सकता है।