Jabalpur में विद्यार्थियों और शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष मेंटल वेलनेस सेमिनार का आयोजन किया गया। Rotary District 3261 की प्रीवेंशन कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के मानसिक विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए जागरूकता फैलाना था।
यह सेमिनार ज्ञानगंगा कॉलेज के एमबीए सेमिनार हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अमित–पल्लवी जायसवाल की पहल पर किया गया। उनका उद्देश्य युवाओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाकर भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और श्रेष्ठ रोटेरियन तैयार करना है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मध्य भारत की प्रसिद्ध काउंसलर एवं वरिष्ठ साइकोलॉजिस्ट Dr. Ila Gupta ने किशोरावस्था को जीवन का सबसे संवेदनशील दौर बताया। उन्होंने कहा कि इस उम्र में बच्चे शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों से गुजरते हैं, जिन्हें समझना उनके लिए आसान नहीं होता। ऐसे समय में माता-पिता और शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
डॉ. ईला गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया, रील्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का किशोरों के मन पर गहरा असर पड़ रहा है। लगातार तुलना की भावना बच्चों में तनाव, आत्मविश्वास की कमी और मानसिक दबाव पैदा कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की बात धैर्यपूर्वक सुनने और उन्हें खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अवसर देने की अपील की।
सेमिनार में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास और बेहतर करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में Rotary Club of Jabalpur Sanskardhani सहित शहर के कई रोटरी क्लबों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
ज्ञानगंगा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के निदेशक रजनीत जैन, पंकज जैन और अपूर्व सिंघई ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया।