रूस में यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले: तेल बंदरगाह में आग, बढ़ सकती हैं वैश्विक कीमतें

कीव/मॉस्को। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। Ukraine ने रूस के कई अहम ठिकानों पर ड्रोन हमले किए, जिनमें बाल्टिक सागर स्थित Primorsk Port प्रमुख निशाने पर रहा। हमले में बंदरगाह के तेल टर्मिनल में आग लग गई और कई जहाजों को नुकसान पहुंचा।

यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने बताया कि इन हमलों से ऊर्जा अवसंरचना को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि हमले में एक तेल टैंकर, कराकुर्ट श्रेणी का मिसाइल पोत और एक गश्ती नौका को भी निशाना बनाया गया।

वहीं रूस की ओर से दावा किया गया कि रातभर में 60 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के गवर्नर Alexander Drozdenko ने कहा कि प्रिमोर्स्क बंदरगाह में लगी आग को जल्द काबू में कर लिया गया और किसी बड़े तेल रिसाव की खबर नहीं है।

इस बीच Belgorod क्षेत्र से भी दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक ड्रोन हमले में कार सवार 21 वर्षीय युवक और उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रिमोर्स्क रूस के सबसे बड़े तेल निर्यात केंद्रों में से एक है, जिसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 10 लाख बैरल तेल आपूर्ति की है। हाल के महीनों में इस क्षेत्र पर कई हमले हो चुके हैं, खासकर तब से जब युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही बातचीत ठप पड़ गई है।

इससे पहले भी यूक्रेन ने Novorossiysk Port के पास समुद्री क्षेत्र में तेल टैंकरों को निशाना बनाया था।

रूस के क्रेमलिन प्रवक्ता Dmitry Peskov ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह के हमले जारी रहे तो वैश्विक तेल कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। उनका कहना है कि आपूर्ति प्रभावित होने पर बाजार में कीमतें पहले से अधिक उछाल ले सकती हैं।

कुल मिलाकर, इस बढ़ते संघर्ष का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.