अचानक मोबाइल पर तेज बीप के साथ आया अलर्ट—जानिए क्या था ये मैसेज?

आपदा और आपातकालीन स्थितियों में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने आज देशभर में ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ का सफल परीक्षण किया। इस परीक्षण के दौरान करीब 11:45 बजे अचानक देशभर के मोबाइल फोन पर एक साथ तेज बीप ध्वनि के साथ अलर्ट संदेश दिखाई दिया, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में हल्की घबराहट भी देखने को मिली।

यह अलर्ट एक विशेष मैसेज बॉक्स के रूप में स्क्रीन पर उभरा और फोन वाइब्रेट भी हुआ, जिससे उपयोगकर्ताओं का ध्यान तुरंत आकर्षित हो सके। हालांकि, संदेश में साफ तौर पर बताया गया था कि यह केवल एक परीक्षण है और किसी भी तरह की कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।

इस प्रणाली का परीक्षण केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक कार्यक्रम के दौरान रिमोट के माध्यम से किया। यह अत्याधुनिक तकनीक संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से विकसित की है।

इस नई तकनीक का उद्देश्य आपदा के समय नागरिकों तक तेजी से और सटीक जानकारी पहुंचाना है। ‘सचेत’ नामक एकीकृत अलर्ट सिस्टम, जिसे सी-डॉट ने तैयार किया है, पहले से ही एसएमएस के जरिए अलर्ट भेज रहा था। अब इसमें सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक जोड़ दी गई है, जिससे किसी खास क्षेत्र के सभी मोबाइल पर एक साथ सूचना भेजी जा सकती है।

यह प्रणाली सुनामी, भूकंप, बिजली गिरने, गैस रिसाव और अन्य आपात स्थितियों में बेहद कारगर साबित होगी। सरकार के अनुसार, अब तक इस सिस्टम के जरिए 19 से अधिक भाषाओं में 134 अरब से ज्यादा एसएमएस अलर्ट भेजे जा चुके हैं।

हालांकि, परीक्षण के दौरान मेट्रो, बसों और सार्वजनिक स्थानों पर एक साथ अलर्ट आने से कुछ देर के लिए भ्रम की स्थिति बनी, लेकिन लोगों ने जल्द ही समझ लिया कि यह केवल एक टेस्ट है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे संदेशों से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह उनकी सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.