देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के मोथरोवाला क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम को सुनने के लिए एकत्रित हुए।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरणादायक कार्यों, नवाचारों और सकारात्मक पहल को सामने लाते हैं। चाहे वह स्टार्टअप की बात हो, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण या लोक संस्कृति का संवर्धन—हर विषय को इस कार्यक्रम में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ ने आम लोगों को एक ऐसा मंच दिया है, जहां उनके छोटे-छोटे प्रयास भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान पा रहे हैं। इससे देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है और समाज में सकारात्मक बदलाव का माहौल बनता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम निरंतर जारी है और करोड़ों लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहा है। मुख्यमंत्री ने मेहनत और समर्पण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जो लोग ईमानदारी से कार्य करते हैं, उन्हें निश्चित रूप से सफलता मिलती है।
सीएम ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश आर्थिक शक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है और विज्ञान, रक्षा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।