काशीपुर में रोजगार मेले का आयोजन, 800 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार

काशीपुर। उत्तराखण्ड के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान काशीपुर में प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा कुमाऊं मंडल स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा की अध्यक्षता में किया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री सीमा चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें रोजगार सृजक बनाने के लिए स्टार्टअप नीति, इन्क्यूबेशन सेंटर और कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से सहयोग दे रही है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि रोजगार केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का जरिया है।

 

निदेशक प्राविधिक शिक्षा देश राज ने बताया कि मेले में कुमाऊं मंडल के 33 पॉलिटेक्निक संस्थानों के 1525 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया। साथ ही देश-प्रदेश की 60 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया।

 

मेले में सुजुकी मोटरसाइकिल, अशोक लीलैंड, अपोलो टायर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा सहित कई प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया।

लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद खबर लिखे जाने तक 800 से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा चुके थे। मेले में सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, आईटी, सीएसई, फार्मेसी समेत विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक आलोक मिश्रा ने सभी अतिथियों और उद्योग प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभाग के कई अधिकारी, प्रधानाचार्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.