चारधाम यात्रा शुरू होते ही सतपाल महाराज की खास अपील—जानिए क्यों बोले “अतिथि देवो भव

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में आस्था और श्रद्धा का सबसे बड़ा पर्व माने जाने वाली चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो चुकी है। बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही पूरे प्रदेश में भक्ति का माहौल बन गया है। इस अवसर पर राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

उन्होंने बताया कि छह माह के शीतकालीन अवकाश के बाद गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के पश्चात अब बद्रीनाथ धाम के कपाट भी ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सतपाल महाराज ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि देवी-देवताओं की पवित्र भूमि है। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का कर्तव्य बनता है कि वे “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ व्यवहार करें। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान कहीं भी प्लास्टिक, कचरा या शोर-शराबा न करें। धामों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखना ही सच्ची पूजा है।

मंत्री ने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों—चाहे वह होटल या होम स्टे संचालक हों, ढाबा मालिक हों या पिट्ठू—सभी के साथ सम्मान और प्रेमपूर्वक व्यवहार करें। इससे न केवल यात्रा का अनुभव बेहतर होगा, बल्कि देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं का भी सम्मान होगा।

चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही प्रशासन और पर्यटन विभाग भी यात्रियों की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। सरकार का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ और सुखद यात्रा का अनुभव लेकर लौटे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.