नई दिल्ली। राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। अकासा एयर और स्पाइसजेट के दो विमान पार्किंग एरिया में आपस में टकरा गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 16 अप्रैल को करीब दोपहर 2 बजे की है। अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट क्यूपी-1406 पुशबैक प्रक्रिया के दौरान पार्किंग बे से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान लेह से दिल्ली पहुंचा स्पाइसजेट का बोइंग बी-737-700 विमान टैक्सी वे के जरिए अपने निर्धारित गेट की ओर बढ़ रहा था। इसी बीच दोनों विमानों के बीच टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्पाइसजेट विमान के राइट विंगलेट को नुकसान पहुंचा, जबकि अकासा एयर के विमान के लेफ्ट होरिजोंटल स्टेबलाइजर को भी क्षति पहुंची। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट के ग्राउंड स्टाफ ने तेजी से स्थिति को संभाला और दोनों विमानों में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर दोनों विमानों को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है और इन्हें अगली उड़ानों के लिए उपयोग में नहीं लाया जाएगा। अकासा एयर के प्रवक्ता के अनुसार, प्रभावित फ्लाइट को वापस पार्किंग बे में ले जाया गया और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में इसे ग्राउंड मूवमेंट के दौरान समन्वय की कमी या तकनीकी चूक का परिणाम माना जा रहा है। हालांकि, असली कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।