देहरादून। युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनने की क्षमता रखता है। वे गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित “राष्ट्र निर्माण उत्सव” कार्यक्रम में बोल रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओहो रेडियो और ड्रीमर्स एड्यु हब के सहयोग से तीन नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने ओहो रेडियो की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने रेडियो के महत्व को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब रेडियो हर घर का अहम हिस्सा हुआ करता था। लोग एकत्र होकर समाचार सुनते और गीतों का आनंद लेते थे। मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके पास भी एक छोटा रेडियो था, जो उनके लिए किसी खजाने से कम नहीं था।
उन्होंने कहा कि आज तकनीक के इस युग में संचार के कई आधुनिक माध्यम उपलब्ध हैं, लेकिन रेडियो की अपनी एक अलग पहचान और प्रभाव है। यह आज भी लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल और नवाचार के बल पर नए अवसर पैदा करें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सरकार भी युवाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
यह कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।