17वीं बार उत्तराखंड दौरे पर पीएम मोदी—क्या-क्या बड़े प्रोजेक्ट्स का होगा लोकार्पण?

देहरादून। नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने 27वें उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में यह उनका 17वां दौरा होगा, जो प्रदेश के प्रति केंद्र की प्राथमिकता को दर्शाता है।

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन और टिहरी में 1000 मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का शुभारंभ शामिल है। इन परियोजनाओं से राज्य में बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे उत्तराखंड में उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी हुई है। इससे पहले मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने 11 सितंबर 2015 को पहली बार ऋषिकेश का दौरा किया था, जहां उन्होंने अपने गुरु दयानंद गिरी से मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री मोदी की केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के प्रति विशेष आस्था रही है। वह प्रधानमंत्री बनने के बाद पांच बार केदारनाथ की यात्रा कर चुके हैं। उनके दौरों के बाद चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।

इसके अलावा, पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश और उत्तरकाशी के मुखबा जैसे धार्मिक स्थलों के उनके दौरे ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया है। खासकर शीतकालीन यात्रा को लेकर भी जागरूकता बढ़ी है, जिससे बारहमासी पर्यटन को नई दिशा मिली है।

प्रधानमंत्री के लगातार दौरों से उत्तराखंड को विकास, पर्यटन और आस्था के क्षेत्र में नई पहचान मिल रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.