महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का बड़ा अभियान, जानिए कैसे मिल रही त्वरित मदद

देहरादून। महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने जनपद भर में विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत उत्तराखंड पुलिस की गौरा पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर छात्राओं, कामकाजी और घरेलू महिलाओं को जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिलाओं को उनके खिलाफ होने वाले अपराधों, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना बेहद जरूरी है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

इस दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 और 181 सहित अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके। साथ ही, पुलिस ने गौरा शक्ति ऐप के बारे में भी विस्तार से बताया।

गौरा शक्ति ऐप में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण फीचर्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से आपात स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना भेजी जा सकती है। पुलिस टीमों ने महिलाओं को इस ऐप को डाउनलोड करने और उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक होंगी। यह पहल समाज में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.