देहरादून में जल आपूर्ति को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े ठेकेदारों ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनका लंबित भुगतान जल्द जारी नहीं किया गया, तो 6 अप्रैल 2026 को प्रदेशभर में 24 घंटे के लिए जल आपूर्ति ठप कर दी जाएगी।
इस संबंध में ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित एक पत्र भी भेजा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य कर रहे ठेकेदारों को लंबे समय से भुगतान नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
उन्होंने कहा कि कई ठेकेदारों ने प्रोजेक्ट के लिए बैंक से ऋण लिया है, लेकिन भुगतान न मिलने के कारण वे ब्याज चुकाने में असमर्थ हो रहे हैं। इसके अलावा कर्मचारियों का वेतन, मशीनों का किराया और अन्य खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसी स्थिति में ठेकेदारों के सामने आजीविका का संकट गहराता जा रहा है।
अमित अग्रवाल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो ठेकेदार मजबूरन जल आपूर्ति बंद करने के साथ-साथ व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को देहरादून में ठेकेदार एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों को जोर-शोर से उठाएंगे।
ठेकेदारों का कहना है कि यह कदम उनकी मजबूरी है, क्योंकि लगातार अनदेखी के चलते अब उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द लंबित भुगतान जारी करने की मांग की है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके और आम जनता को जल संकट का सामना न करना पड़े।