ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल

देहरादून में चर्चित ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई इस सनसनीखेज हत्या के मामले में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, सघन चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बदमाशों की लोकेशन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। संदिग्धों का पीछा करते हुए पुलिस टीम गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र तक पहुंची, जहां एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।

हालांकि, दूसरा बदमाश भागने की कोशिश करने लगा और खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने से वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों का संबंध ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड से जुड़ा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस कार्रवाई को दून पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे मामले के जल्द सुलझने की उम्मीद बढ़ गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.