उत्तराखंड पुलिस को मिला ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’, क्यों है यह इतना खास सम्मान?

 देहरादून।  उत्तराखंड पुलिस को “राष्ट्रपति पुलिस कलर” से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने इसे राज्य के इतिहास का एक गौरवपूर्ण और स्वर्णिम क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रमाण है।

मुख्यमंत्री आवास में पुलिस महानिदेशक Deepam Seth ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस उपलब्धि की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “राष्ट्रपति पुलिस कलर” देश के उन चुनिंदा पुलिस बलों को दिया जाता है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवा और साहस का परिचय दिया हो। उत्तराखंड पुलिस ने दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व ने राज्य की पुलिस को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह सम्मान न केवल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित भी करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल के ध्वज और वर्दी पर अंकित होकर उसकी परंपरा, अस्मिता और गौरव का स्थायी प्रतीक बन जाएगा। साथ ही यह प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए जिम्मेदारी और प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।

यह उपलब्धि उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के साथ-साथ राज्य की छवि को भी मजबूत करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.