तीसरी बार भी नहीं टूटा भरोसा—संस्कृत शिक्षक संघ की कमान फिर डॉ. बिजल्वाण के हाथ

 हरिद्वार।  संस्कृत विद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक संघ, उत्तराखंड के त्रैवार्षिक चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गए, जिसमें सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। अध्यक्ष पद पर रामभूषण बिजल्वाण को लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष चुना गया, जबकि महामंत्री पद पर कुलदीप पंत दूसरी बार निर्वाचित हुए।

अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न हुए। प्रदेश संयोजक के रूप में सजीन्द्र नौटियाल, उपाध्यक्ष के रूप में प्रकाश नैलवाल, संयुक्त मंत्री के रूप में प्रदीप पुरोहित तथा संगठन मंत्री के रूप में कैलाश सेमवाल निर्वाचित हुए। इसके अतिरिक्त कृष्णा उनियाल और राजेन्द्र पुनेठा को प्रदेश संरक्षक तथा विद्यासागर व्यास को लेखा परीक्षक चुना गया।

चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च को घोषित आचार संहिता के बाद प्रारंभ हुई थी। 29 मार्च को नामांकन और 30 मार्च को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संभव हुआ। इससे संगठन में आपसी समन्वय और एकजुटता का स्पष्ट संदेश गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. बिजल्वाण ने कहा कि वे संस्कृत शिक्षकों और संस्कृत शिक्षण संस्थानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षकों के हितों की रक्षा और संस्कृत शिक्षा के सशक्तीकरण को अपनी प्राथमिकता बताया।

कार्यक्रम का आयोजन जय भारत साधु संस्कृत महाविद्यालय परिसर में किया गया, जहां चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह में दिवाकर थपलियाल, नवीन सेमवाल, शेष नारायण भट्ट, द्रवेश्वर थपलियाल, नित्यानन्द पोखरियाल, चंद्रभूषण शुक्ल और जनार्दन नौटियाल सहित कई गणमान्य शिक्षकों ने भाग लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.