मुख्यमंत्री धामी ने विकास योजनाओं को दी 242 करोड़ की मंजूरी, सड़कों से रिवर फ्रंट तक कई परियोजनाएं शामिल

देहरादून।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यभर में विभिन्न आधारभूत संरचना और विकास योजनाओं के लिए कुल 242 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में नगरीय अवस्थापना सुविधाएं, शारदा रिवर फ्रंट परियोजना, हरिद्वार मास्टर प्लान, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, सड़कों और पुलों का निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा सरकारी भवनों का निर्माण शामिल है।

नियोजन विभाग के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं के लिए  109 करोड़ रुपये  स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें शारदा रिवर फ्रंट और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से पर्यटन और शहरी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के पुनर्निर्माण के लिए भी धनराशि मंजूर की है। पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में मोटर मार्गों के सुधार और नए पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे आवागमन सुगम होगा और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

हरिद्वार में हर-की-पौड़ी से मनसा देवी और चंडी देवी तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना के अंतर्गत सुरक्षा अध्ययन के लिए आईआईटी रुड़की से चट्टानों की स्थिरता का विश्लेषण कराने हेतु भी बजट स्वीकृत किया गया है। इससे तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कैंप कार्यालय भवन, देहरादून में आईआरबी द्वितीय वाहिनी के आवासीय और प्रशिक्षण बैरक निर्माण, तथा विभिन्न अतिथि गृहों और सरकारी कार्यालयों के नवीनीकरण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने नाबार्ड से वित्त पोषित सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत को भी मंजूरी दी है, जिससे सिंचाई और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को बल मिलेगा। साथ ही नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट स्थापना और कार्यालय भवन निर्माण जैसी योजनाओं को भी बजट प्रदान किया गया है।

इन स्वीकृतियों से राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, पर्यटन संवर्धन और जनसुविधाओं में सुधार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.