रुड़की: शहीदी दिवस के अवसर पर शहर के सुनहरा स्थित वटवृक्ष स्थल पर श्रद्धांजलि यज्ञ का आयोजन कर देश के अमर शहीदों को नमन किया गया। यह कार्यक्रम आर्य समाज नंद विहार तथा शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और हवन यज्ञ से हुई, जिसका संचालन आचार्य सुनील शास्त्री और ऋषिपाल सैनी के ब्रह्मत्व में किया गया। यज्ञ में डॉ. निशांत वर्मा, दीक्षा वर्मा, सुधीर चौधरी और सुमित चौधरी ने यजमान के रूप में आहुति दी। इसके पश्चात ओम ध्वज का ध्वजारोहण कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगत सिंह , राम प्रसाद बिस्मिल और स्वामी श्रद्धानंद के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शहीदों के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत बलिदानों का परिणाम है और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
सभा के दौरान सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के संरक्षण, साथ ही गौसंरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में आर्य समाज की भजनोपदेशक मनिता आर्य सहित अन्य कलाकारों ने देशभक्ति और आध्यात्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, युवा समाजसेवी प्रणय प्रताप सिंह, रोमा सैनी, पप्पू कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधान हरपाल सिंह आर्य सैनी ने किया और अंत में सभी ने राष्ट्र के शहीदों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।