नई दिल्ली। भारत ने अफगानिस्तान के लिए आपातकालीन दवा और चिकित्सा उपकरणों की 2.5 टन की खेप भेजी है। यह सहायता 16 मार्च को पाकिस्तान के हवाई हमले में घायल लोगों को ध्यान में रखते हुए प्रदान की गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि काबुल को आपातकालीन दवाइयां, चिकित्सा किट और अन्य स्वास्थ्य सामग्री भेजी गई हैं।
इस हमले में अफगानिस्तान के ओमिद नशा मुक्ति उपचार केंद्र पर हमला हुआ था, जिसमें 400 से अधिक लोग मारे गए और 250 से ज्यादा घायल हुए। भारत ने इस कठिन समय में अफगान जनता के साथ एकजुटता का संदेश दिया है और आश्वस्त किया कि वह हर संभव मानवीय मदद प्रदान करता रहेगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत हमेशा से अफगानिस्तान को अपना मित्र राष्ट्र मानता रहा है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले 15 दिनों से जारी संघर्ष में बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हुए हैं, ऐसे में भारत की यह पहल मानवीय सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस कदम से यह संदेश जाता है कि भारत संकट की घड़ी में पड़ोसी और मित्र देशों के साथ खड़ा रहता है और आवश्यक सहायता प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाता है।