नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना बेहद आवश्यक है, अन्यथा लागत में अनावश्यक वृद्धि होती है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंगलवार देर शाम डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने नैनीताल जनपद में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों के क्रियान्वयन में यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधा आती है, तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि यदि कोई समस्या शासन स्तर से जुड़ी हो, तो उसे बिना देरी के उच्च स्तर पर अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका निस्तारण किया जा सके। उन्होंने यह भी दोहराया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की रुकावट राज्य के समग्र विकास को प्रभावित करती है, इसलिए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने विभागों को मासिक लक्ष्य निर्धारित करने और उसके अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, लंबित टेंडर प्रक्रियाओं, स्वीकृतियों और तकनीकी अनुमोदनों को जल्द से जल्द पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जाए।
मुख्य सचिव ने योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, सतत मॉनिटरिंग करने और दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने पब्लिक ग्रीवांस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य सचिव का स्वागत करते हुए जिले में संचालित प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मुख्य सचिव ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और नैनीताल को एक आदर्श व तेजी से विकसित होने वाले जिले के रूप में स्थापित करने का आह्वान किया।

