सोमेश्वर/अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने स्वयं उपस्थित रहकर जनसुनवाई की।
इस दौरान सैकड़ों लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से 110 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जिससे जनसुनवाई को लेकर लोगों का विश्वास भी झलकता दिखा।
मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को उनके द्वार पर ही राहत दी जा रही है। यह पहल जनसेवा और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
