कुंभ 2027 की तैयारियों पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, हरिद्वार में नहीं रहने दी जाएगी कोई कमी

हरिद्वार।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार का दौरा कर वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसके आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मेला आयोजन में साधु-संतों, धार्मिक संगठनों, स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित संस्थाओं का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग से कुंभ मेले को सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाएगा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले से जुड़े विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के प्रस्ताव तैयार हैं, उनकी स्वीकृतियां जल्द जारी की जाएंगी ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरे हो सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से दूरभाष पर बातचीत कर शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही तेज करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और तय समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने को कहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कुंभ मेले के दौरान बेहतर निगरानी और समन्वय के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस  इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए और इसके लिए आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी करने की बात कही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.