देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 62 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही उन्होंने नगर निकायों में कूड़ा प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य में लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नवचयनित सफाई निरीक्षकों के लिए यह उनके जीवन की नई जिम्मेदारी की शुरुआत है और उन्हें पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के गठन के समय प्रदेश में केवल 63 स्थानीय निकाय थे, जबकि आज इनकी संख्या बढ़कर 108 हो गई है। वर्तमान में राज्य में 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के शहर तेजी से विकास और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दिशा में स्थानीय निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि कूड़ा प्रबंधन से लेकर नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के संचालन तक की बड़ी जिम्मेदारी इन्हीं संस्थाओं पर होती है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी और देहरादून नगर आयुक्त नमामि बंसल समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।