खटीमा दौरे पर मुख्यमंत्री धामी से मिले सैकड़ों लोग, जन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

खटीमा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नगला तराई और लोहियाहेड स्थित हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानियों को प्राथमिकता के आधार पर हल करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए जरूरी है कि प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि आम लोगों को उनका पूरा लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इसी समन्वय के माध्यम से क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास संभव हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, नानकमत्ता के प्रेम सिंह टूरना, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, सतीश भट्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.