देहरादून में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर गैस सिलेंडर का वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही किया जाएगा। साथ ही वितरण प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी आधारित सत्यापन प्रणाली भी लागू की गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और गोदामों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल घर तक पहुंचाकर ही दिया जाए और डिलीवरी के समय ओटीपी के माध्यम से सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और गोदामों को इस नई व्यवस्था के बारे में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। साथ ही एजेंसियों के बाहर और गोदामों पर होम डिलीवरी से संबंधित फ्लैक्स और सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को इस नई व्यवस्था की पूरी जानकारी मिल सके।
प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था को लागू करने का मुख्य उद्देश्य गैस एजेंसियों और गोदामों पर लगने वाली अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना है। नई प्रणाली लागू होने के बाद एजेंसियों के बाहर भीड़ में कमी भी देखने को मिली है।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा इस व्यवस्था का उल्लंघन किया जाता है या वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की घबराहट न दिखाएं, क्योंकि जनपद में गैस की पर्याप्त और निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही नागरिकों से व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
गैस आपूर्ति या वितरण से संबंधित किसी भी समस्या के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।