मिडिल ईस्ट में CBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षा टली: 7 देशों के छात्रों पर बड़ा फैसला

नई दिल्ली।  केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशिया के सात देशों में होने वाली कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। बोर्ड ने क्षेत्र में मौजूदा परिस्थितियों और सुरक्षा हालात की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया है।

सीबीएसई द्वारा शनिवार को जारी आधिकारिक परिपत्र के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में 9 मार्च, 10 मार्च और 11 मार्च को आयोजित होने वाली कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं अब निर्धारित समय पर नहीं होंगी। इन परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।

बोर्ड ने बताया कि यह निर्णय 1 मार्च, 3 मार्च और 5 मार्च को जारी किए गए पूर्व परिपत्रों की निरंतरता में लिया गया है। पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी कारण परीक्षाओं को अस्थायी रूप से टालने का निर्णय लिया गया है।

सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि 10 मार्च को क्षेत्र की स्थिति की फिर से समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 12 मार्च से आगे निर्धारित परीक्षाओं को लेकर नया निर्णय लिया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे ताजा जानकारी के लिए अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और केवल सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

यह परिपत्र सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज द्वारा जारी किया गया है। साथ ही इसकी जानकारी संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और दुबई में स्थित सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय को भी भेज दी गई है।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान से जुड़े सुरक्षा हालात के कारण बोर्ड पहले ही कक्षा 10 की 7 से 11 मार्च तक प्रस्तावित परीक्षाएं रद्द कर चुका है। इसके अलावा कक्षा 12 की 7 मार्च को निर्धारित परीक्षा भी स्थगित कर दी गई थी। कक्षा 10 के विद्यार्थियों के परिणाम और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर सीबीएसई बाद में अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

\

Leave A Reply

Your email address will not be published.