हरिद्वार में आयोजित मिनी स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप 2026 में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) आर्चरी एकेडमी के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 3 रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
एक मार्च को हरिद्वार में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसबीपीएस आर्चरी एकेडमी के कोच कुलदीप बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में स्कूल के तीरंदाजों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। अंडर-15 वर्ग में तन्मय थापा ने रिकर्व 40 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि राजीव चौहान ने कंपाउंड 40 मीटर श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया।
इसी तरह कबीर सिंह ने इंडियन राउंड 30 मीटर इंडिविजुअल स्पर्धा में रजत पदक जीता और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं प्रद्युमन चौहान ने इंडियन राउंड 30 मीटर इंडिविजुअल और टीम इवेंट दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
इसके अलावा आरव रावत और अक्षत नारायण ने भी इंडियन राउंड 30 मीटर टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। अंडर-13 वर्ग में अमल्या पठानिया ने इंडियन राउंड 20 मीटर स्पर्धा में रजत पदक और टीम इवेंट में भी रजत पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्कूल के तीरंदाज लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और उम्मीद है कि भविष्य में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।