After Header-1

बहराइच में संपत्ति विवाद ने ली खौफनाक करवट, बेटे ने पूरे परिवार को उतारा मौत के घाट

बहराइच,  उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में संपत्ति विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रूदल (रामगांव) गांव में एक युवक ने जमीन के बंटवारे को लेकर अपने ही माता-पिता, बहन और दादी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने खुद पर भी ईंट से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, किसान बदलूराम (60) अपने परिवार के साथ गांव में रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी संजू (56), बेटी पार्वती (42), बेटा गुरुदेव, छोटा बेटा निरंकार और 80 वर्षीय मां शीतला देवी शामिल थीं। बड़े बेटे गुरुदेव ने पुलिस को बताया कि कुछ वर्ष पहले पिता ने जमीन बेची थी। उसी पैसे और संपत्ति के बंटवारे को लेकर छोटे भाई निरंकार से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि रविवार रात निरंकार घर आया और पैसों के बंटवारे की मांग करने लगा। जब पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो गुस्से में आकर उसने पास रखी कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मां, बहन और दादी बचाने पहुंचीं, लेकिन आरोपित ने उन पर भी कई वार कर दिए। चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने अपने सिर पर ईंट मारकर खुद को भी लहूलुहान कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बदलूराम, संजू, पार्वती और शीतला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल निरंकार को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक **R. N. Singh** ने बताया कि गुरुदेव की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी और ईंट बरामद की गई है। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे संपत्ति विवाद ही कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.