महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार तड़के एक भीषण औद्योगिक हादसे ने सनसनी फैला दी। कळमेश्वर थाना क्षेत्र के राहूलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड (पूर्व नाम स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड) के कारखाने में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो गई। नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार विस्फोट सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दराज के गांवों तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, हालांकि कई श्रमिकों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
यह कंपनी खनन और आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए औद्योगिक विस्फोटक, डेटोनेटर और अन्य संबंधित सामग्री का निर्माण करती है। घटना की सूचना मिलते ही नागपुर के जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी है। पुलिस और प्रशासन ने कहा है कि विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और पूरी समीक्षा के बाद ही आधिकारिक आंकड़े जारी किए जाएंगे। इस हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।