देहरादून राजधानी में मोबाइल छीनकर फरार हुए युवक को थाना डालनवाला पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई और सघन चेकिंग अभियान के चलते पुलिस ने आरोपी को चोरी के मोबाइल और स्कूटी समेत दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, चंद्रलोक कॉलोनी हाथीबड़कला क्षेत्र से सूचना मिली कि स्कूटी सवार एक अज्ञात युवक एक महिला का मोबाइल छीनकर सालावाला की ओर भाग गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर डालनवाला पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख प्वाइंटों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
पीड़िता प्रिया सिंह पुत्री नागेंद्र सिंह, निवासी चंद्रलोक कॉलोनी लेन नंबर-1, डालनवाला की तहरीर पर थाना डालनवाला में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने नयागांव रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका। पूछताछ में उसकी पहचान अमन गोस्वामी (26 वर्ष) पुत्र शिव शंकर गोस्वामी, निवासी डी-6 सर्वे स्टेट हाथीबड़कला, देहरादून (मूल निवासी ग्राम पाराशरी, जिला दतिया, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पीड़िता का आईफोन 13 प्रो बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को घटना के मात्र आधे घंटे के भीतर नया गांव हाथीबड़कला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।