हरिद्वार में जुटे 13 राज्यों के युवा, राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का भव्य आगाज़

हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। युवा शक्ति ही देश को नई दिशा और ऊर्जा देने का सामर्थ्य रखती है।

इस राष्ट्रीय शिविर में देश के 13 राज्यों और 185 विश्वविद्यालयों से आए एक हजार से अधिक युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित युवाओं ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न राज्यों की झलक, लोक परंपराएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शिविर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनएसएस का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेंद्र गिरी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिविर की सराहना की।

यह राष्ट्रीय एकीकरण शिविर युवाओं के लिए आपसी संवाद, सांस्कृतिक समझ और राष्ट्रीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। आने वाले दिनों में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.