देहरादून में देर रात हुड़दंग महंगा पड़ा, 10 छात्र पुलिस हिरासत में

देहरादून में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारियों को स्पष्ट आदेश दिए गए थे कि ऐसे मामलों में तत्काल और कठोर कदम उठाए जाएं।

इसी क्रम में थाना प्रेमनगर पुलिस को देर रात बिधोली पौधा क्षेत्र में स्थित विभिन्न हॉस्टलों के बाहर छात्रों द्वारा शोर-शराबा और हुड़दंग करने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, कुछ छात्र सार्वजनिक स्थानों पर समूह बनाकर अनुशासनहीनता कर रहे थे, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी और शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्थानीय विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 10 छात्रों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया।

सभी छात्रों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन को भी पूरे मामले की रिपोर्ट भेजी गई है, ताकि संस्थान स्तर पर भी उचित अनुशासनात्मक कदम उठाए जा सकें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्राथमिकता है, और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि देर रात होने वाले ऐसे घटनाक्रम से क्षेत्र की शांति भंग होती है, इसलिए सख्ती जरूरी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.