देहरादून पुलिस पहुंची बुजुर्गों के द्वार, जानिए कैसे बढ़ाया सुरक्षा का भरोसा

देहरादून में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग को लेकर पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अकेले रह रहे सीनियर सिटीजन से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानने और आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के क्रम में 22 फरवरी 2026 को थाना प्रेमनगर पुलिस टीम ने अपने क्षेत्र में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर जाकर उनसे मुलाकात की। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों से उनकी दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। उन्हें चीता पुलिस और संबंधित उच्चाधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता मिल सके।

भेंट कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति भी बुजुर्गों को जागरूक किया। उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे और बैंकिंग फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण उपाय विस्तार से बताए गए। पुलिस ने विशेष रूप से आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।

वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की नियमित मुलाकात से उन्हें सुरक्षा का एहसास होता है और अकेलेपन की भावना भी कम होती है। कई बुजुर्गों ने पुलिस कर्मियों को आशीर्वाद देते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

देहरादून पुलिस की यह पहल न केवल कानून-व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता का भी परिचायक है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.