गुप्तकाशी। मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** ने गुप्तकाशी में बद्री-केदार मंदिर समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित स्वर्गीय श्रीनिवास पोस्ती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री स्वयं उनके गुप्तकाशी स्थित आवास पर पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्रीनिवास पोस्ती का संपूर्ण जीवन तीर्थ परंपराओं के संरक्षण, धार्मिक आस्था के संवर्धन और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बद्री-केदार धाम की धार्मिक मर्यादाओं और परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सेवाभाव, सादगी और समर्पण भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोस्ती जी जैसे समर्पित तीर्थ पुरोहितों के कारण ही उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान मजबूत बनी हुई है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देता रहेगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, धार्मिक गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. पोस्ती के निधन को धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया।