आयुष्मान अस्पतालों को बड़ी राहत! 31 मार्च तक सभी लंबित दावे होंगे निपटान

देहरादून। आयुष्मान योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों के लिए राहत भरी खबर है। **राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण** ने घोषणा की है कि 31 मार्च तक सभी लंबित दावों का निस्तारण कर दिया जाएगा। प्राधिकरण के अध्यक्ष **अरविंद सिंह ह्यांकी** ने बताया कि इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और संबंधित कार्मिकों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि **राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण** द्वारा संचालित ट्रांजिक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) पोर्टल के अपग्रेड के दौरान तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं। टीएमएस 1 से टीएमएस 2.0 में डाटा शिफ्टिंग के शुरुआती चरण में आई समस्याओं और त्रुटिपूर्ण दावों के कारण वर्ष 2024-25 से हजारों क्लेम लंबित हो गए थे। भुगतान अटकने से अस्पतालों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अब क्लेम रिव्यू कमेटी (सीआरसी) और मेडिकल ऑडिट कमेटी (एमएसी) के माध्यम से लंबित दावों की गहन समीक्षा की जा रही है। जो दावे सही पाए जाएंगे, उनका तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। सीआरसी और एमएसी को अभियान मोड में कार्य कर 31 मार्च तक शत-प्रतिशत निस्तारण का लक्ष्य दिया गया है।

क्लेम निदेशक डॉ. सरोज नैथानी के अनुसार, सीआरसी में 65 हजार और एमएसी में 55 हजार से अधिक मामले लंबित थे। अब प्रक्रिया सुचारू होने से अस्पतालों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.